मटर प्रिजर्व करके पूरे साल काम में लें – Matar ka preservation

1646

मटर प्रिजर्व करके साल भर मटर का आनंद लिया जा सकता है। मटर बहुत से पोषक से भरपूर होता है और बच्चों को इसकी सब्जी बहुत पसन्द आती है। पर यह सिर्फ सर्दी के मौसम में आता है। जानिये इसे फ्रिज में प्रिजर्व कैसे करें।

मटर प्रोटीन व फाइबर का अच्छा स्रोत होते है। इनमें विटामिन K . मैगनीज , कॉपर , फास्फोरस आदि भरपूर मात्रा में होते है। इसके अलावा विटामिन बी 6 , जिंक , पोटशियम की भी पर्याप्त मात्रा होती है।

मटर से कई प्रकार की स्वादिष्ट डिश बनाई जा सकती है। जैसे आलू मटर की सब्जी , मटर पनीर की सब्जी , मटर पुलाव , मटर के परांठे , मटर की कचौड़ी आदि। इनके अलावा भी किसी भी सब्जी में थोड़े से मटर डालने से सब्जी की रंगत व स्वाद दोगुनी हो जाती हैं।मटर प्रिजर्व

सर्दियों में मटर सस्ते व ताजे मिल जाते है लेकिन ऑफ सीजन में ताजा और अच्छे नहीं मिलते है साथ ही महंगे भी होते है। बाजार में मिलने वाले पैकिंग मटर का स्वाद बहुत अच्छा नहीं होता। घर पर बिना कोई केमिकल मिलाये मटर को आसानी से प्रिजर्व किया जा सकता है। घर पर प्रिज़र्व किये गए मटर का स्वाद भी अच्छा होता है। घर पर मटर प्रिज़र्व करने का तरीका इस प्रकार है : –

मटर प्रिज़र्व करने की सामग्री

मटर छिले हुए            2  कप

पानी                     2  लीटर

ठंडा पानी               1  लीटर

बर्फ                  2  आईस ट्रे

नमक               1 /4  चम्मच

मटर प्रिजर्व करने की विधि

—  ताजा मटर छील ले। प्रिज़र्व करने के लिए अच्छे मटर अलग कर लें।

—  एक चौड़े मुंह के बर्तन में दो लीटर पानी उबलने के लिए गैस पर चढ़ाए।

—  एक दूसरे चौड़े मुंह के बर्तन में एक लीटर फ्रिज का एकदम ठंडा पानी व दो आईस ट्रे बर्फ की डालकर रखें।

—  जब गैस पर चढ़ाया पानी उबलने लगे तब पानी में मटर डाल दे।

—  डेढ़ – दो मिनिट में मटर के दाने पानी के ऊपर तैरने लगते है ।

—  मटर तैरने लगे तब छलनी की सहायता से इन्हें पानी से निकाल कर तुरंत ठन्डे पानी वाले बर्तन में डाल दें।

—  ठंडे पानी में डालने से मटर के पकने की प्रक्रिया बंद हो जाती है।

—  मटर को ठंडे पानी में  5 -7 मिनिट के लिए रखकर निकाल लें ।

—  अब मटर को किसी साफ कपड़े पर आधे घण्टे के लिए फैलाकर हल्का सा सूखा कर लें। मटर ज्यादा नहीं सूखने चाहिए।

—  अब मटर में नमक मिला दें ।

—  मटर तैयार है इन्हें आप जिपर बैग में भरकर फ्रीज़र में रख ले।

—  इन्हें आप फ्रीज़र में रखकर पूरे साल मटर का आनंद ले सकते  हैं।

मटर प्रिजर्व करते समय ध्यान रखने योग्य बातें

—  मटर ताजा , बड़े दाने की और नर्म होनी चाहिए । मटर प्रिज़र्व करने से पहले एक दो फली चख कर देख लेनी चाहिए। स्वाद अच्छा होने पर ही प्रिज़र्व करें। ताकि बाद में भी मटर में वैसा ही स्वाद मिले।

—  मटर ज्यादा देर उबलते पानी में नहीं रहने चाहिए।

—  कोशिश करें कि मटर पैक करते समय जिपर में हवा कम से कम रहे।

—  मटर काम में लेने के लिए इन्हें जिपर बैग से निकालकर साफ पानी में पांच मिनिट रखें फिर पानी से निकालकर काम में लें।

—  जिपर बैग की साइज़ छोटी ( जितना एक बार की सब्जी में काम आते हों ) लेने से मटर का उपयोग सुविधाजनक होता है।

इन्हें भी जाने और लाभ उठायें :

हल्दी की सब्जी / ऊनी कपड़ों की देखभाल / मेनिक्योर घर पर कैसे करें / वजन कम करने के आसान उपाय / चाट मसाला / आंवला केंडी / बाजरे की राबड़ी / बाजार जैसे मसाला काजू  /