हरी मिर्च के टिपोरे राजस्थानी स्पेशल बनाने की विधि green chilly tipore

1732

हरी मिर्च के टिपोरे Hari Mirch ke Tipore किसी भी खाने या थाली को सम्पूर्णता दे सकते हैं। राजस्थानी भोजन के साथ ये टिपोरे Tipore विशेष रूप से बनाये जाते है। हरी  मिर्च में कई प्रकार के विटामिन और खनिज पाए जाते है।

इसमें विटामिन C , विटामिन A , तथा विटामिन K प्रचुर मात्रा में होते है। इसके अलावा कॉपर , आयरन और मैगनीज का यह अच्छा स्रोत होती है। इसका तीखा स्वाद कैप्सेसिन नामक तत्व के कारण होता है। यह तत्व बहुत लाभदायक होता है। इस तत्व के कारण मिर्च से मोटापा कम करने में भी मदद मिल सकती है।

हरी मिर्च के टिपोरे

हरी मिर्च के टिपोरे बनाने की विधि यहाँ सीखकर इन्हें जरूर बनायें। एक बार इन्हें चखने के बाद टिपोरे के नाम से ही मुँह में पानी आने लगता है। खाने का चटखारा बढ़ाने के लिए तथा खाने को रुचिवर्धक बनाने के लिए हरी मिर्च के टिपोरे बहुत उपयुक्त होते है।

हरी मिर्च के टपोरे , नीबू की चटनीटमाटर की झटपट सब्जी आदि ऐसी चीजे हैं जिन्हें बनाना आसान है। इनके होने पर सब्जी के स्वाद की कमी अखरती नहीं है। हरी मिर्च के टिपोरे आप किसी भी प्रकार के खाने के साथ , पराठे के साथ , थेपले या दाल बाटी के साथ खा सकते है।

हरी मिर्च टिपोरे बनाने की सामग्री

Hari Mirch ke Tipore samagri

कृपया ध्यान दें : किसी भी लाल रंग से लिखे शब्द पर क्लीक करके उसके बारे में विस्तार से जानें। 

हरी मिर्च                                    250  ग्राम

धनिया पाउडर                               2  चम्मच

लाल मिर्च पाउडर                        1/4  चम्मच

हल्दी पाउडर                            1 /2  चम्मच

राई                                           1  चम्मच

सौंफ                                         1  चम्मच

जीरा                                     1 /4  चम्मच

हींग                                          2  चुटकी

अमचूर पाउडर                              1  चम्मच

नमक                                       स्वादानुसार

पानी                                          2 चम्मच

तेल                                       4-5  चम्मच

हरी मिर्च के टपोरे बनाने की विधि

Mirch Ke Tapore Ki recipe

—  हरी मिर्च को धोकर पोंछ लें।

—  हरी मिर्च को आधा इंच के गोल टुकड़ो में काट लें।

—  सौंफ को पीसकर पाउडर बना लें।

—  राई को दरदरी पीस लें।

—  कढ़ाई में तेल डालकर गर्म करें।

—  तेल गर्म होने पर हींग , जीरा  का बघार लगायें।  गैस एकदम धीमे कर दें।

—  गैस धीरे करने के बाद इसमें हरी मिर्च , हल्दी , नमक और पिसी राई डालकर मिला दें ।

—  इसके बाद इसमें लालमिर्च पाउडर , धनिया पाउडर , सौंफ पाउडर डालकर मिला दें।

—  थोड़ा सा पानी डालकर हिला लें व ढक्कन लगाकर दो तीन मिनिट पकने दें।

—  मिर्ची थोड़ी नरम हो जाएगी अब इसमें अमचूर पाउडर डालें थोड़ी देर ढक्कन लगा कर पकने दें।

—  मिर्ची के स्वादिष्ट राजस्थानी टपोरे तैयार हैं।

— खाने के साथ ,पराठे आदि के साथ इनका आनन्द लें।

मिर्च के टिपोरे टिप्स -Tips

—  मिर्च के टपोरे Mirch ke tapore बनाने के लिए थोड़ी मोटी मिर्च ली जाती हैं जो अधिक तीखी नहीं होती हैं।

—  सम्भव हो सके तो मिर्ची को कैंची से काटें ताकि हाथो में जलन नहीं हो।

—  मिर्ची काटने से पहले हाथ में घी लगा लेने से भी मिर्ची काटने पर जलन से बचाव हो सकता है।

—  मिर्ची काटने के बाद मिर्ची को हल्का सा बर्तन में ही ( उछाल ) लें ताकि कुछ बीज अलग हो जायें। इन्हें निकाल कर हटा दें। ताकि तीखापन कुछ कम हो जाये।

—  मिर्ची डालते समय गैस धीरे रखने से टिपोरे अच्छे बनते हैं। तेज आंच पर मिर्च तलकर कड़क हो जाती हैं।

—  टपोरे बनाने के बाद फ्रिज में रखकर पांच छः दिन तक काम में जा सकते हैं।

—  अमचूर की जगह नींबू का रस भी डाल सकते हैं ।

इन्हें भी जानें और लाभ उठायें :

गुलगुले मीठे पुए  / मीठा नमकीन ओलिया / गुलकंद ठंडाई / ऑरेंज कैंडी बार / खसखस बादाम के लडडू /टमाटर की सॉस / चाट मसाला / ताहिनी सॉस / आँवले की लोंजी