कॉकरोच को दूर करने के घरेलु उपाय – How To Keep Away Cockroach

5336

कॉकरोच Cockroach घर में होने पर बड़ी परेशानी होती है। विशेषकर रसोई में इनका होना दुखदायी साबित होता है। ये दिन में तो नजर नहीं आते लेकिन देर रात रसोई की लाइट जलाते है तो इतने सारे नजर आते है की विश्वास ही नहीं होता कि ये रसोई में इतने सारे मौजूद हैं।

ये खाने की चीजों को संक्रमित करके हमें नुकसान पहुंचाते हैं। अतः ये कई प्रकार की बीमारियां फैलाने की वजह बनते है। ये घर की दूसरी चीजों को भी नुकसान पहुंचते है। खाने की चीजों के अलावा बुक्स , कपड़े आदि भी खा जाते है।

कॉकरोच

कॉकरोच दो प्रकार के ज्यादा पाए जाते है। एक जो गन्दी नाली के पास नजर आते है बड़े और गहरे रंग के होते हैं। कभी-कभी ये नाली से निकल कर घर में घुमते हुए नजर आते है। ये अमेरिकन कोकरोच कहलाते है।

दूसरे जो रसोई घर में फैले होते है जो छोटे और हल्के भूरे रंग के होते हैं। ये जर्मन कोकरोच कहलाते है। इन्हें वांधा भी कहते है। कोकरोच दिखने पर बड़ी घृणा होती है।

कॉकरोच को मिटाना इतना मुश्किल भी नहीं है। दरअसल हम खुद इनके लिए ऐसा वातावरण तैयार कर देते है जिसमे इनको बड़े आराम से खाने , पीने और छुपने के लिए घर की सुविधा मिल जाती है। इसलिये ये अपना स्थान बना लेते है और अपना परिवार बढ़ाते रहते है।

यदि इनको खाने पीने और छुपने की सुविधा मिलनी बंद हो जाये तो ये परेशान होकर विदा हो जायेंगे। इसके अलावा इनको मिटाने के लिए घर में मौजूद सामान का उपयोग सफलता पूर्वक किया जा सकता है। इसके लिए कुछ दिन लगातार प्रयास करना पड़ता है। फिर ये नहीं दिखते।

कॉकरोच मिटाने के घरेलु तरीके

Home Remedy for Cockroach

शक्कर और बेकिंग सोडा

यह कॉकरोच को दूर करने का एक आसान उपाय होता है। पिसी हुई शक्कर और बेकिंग सोडा को बराबर मात्रा में मिलाकर Cockroach के छुपने की जगह पर बुरक दें या जहाँ ये आते हों वहाँ एक प्लेट में रख दें। थोड़ा पानी का प्रबंध भी कर दें। सोडा खाने के बाद ये पानी पीते है और इससे ये मर जाते है। बेकिंग सोडा पेट में जाकर इन्हें नुकसान पहुंचाता है।

साबुन का घोल

पानी में डिटर्जेंट घोल कर साबुन का घोल बना लें। किसी भी प्रकार का साबुन काम में ले सकते है। इस घोल को स्प्रेयर की मदद से कॉकरोच के ऊपर छिड़क दें। इससे ये तुरंत मर जाते है। क्योकि कॉकरोच त्वचा से साँस लेते हैं और साबुन का घोल इनका साँस लेने की प्रक्रिया को रोक देता है। इसे Cockroach के छुपने की जगह में छिड़कने से ये बाहर निकलते हैं तब इन पर और स्प्रे किया जा सकता है।

बोरिक पाउडर

एक चम्मच बोरिक पाउडर , एक चम्मच आटा और एक चम्मच पिसी शक्कर मिलाकर गूंथ लें। इसकी छोटी छोटी गोलिया बनाकर कॉकरोच आते हों वहां और इनके छुपने की जगह के पास डाल दें।

आटा और शक्कर के कारण कॉकरोच इन्हें खा लेते है। बोरिक एसिड से ये मर जाते है । लगातार 2 सप्ताह तक ये गोलिया बना कर डालते रहें। Cockroach से छुटकारा मिल जायेगा। इन गोलियों को बच्चों और पालतू जानवर से दूर रखना चाहिए इनके लिए भी नुकसान देह हो सकती है।

पेट्रोलियम जैली का ट्रैप

एक चौड़े मुंह की बोतल या जार लें। चाहें तो प्लास्टिक का डिस्पोजेबल ग्लास भी ले सकते है। इसमें मुंह के पास अंदर की तरफ पेट्रोलियम जैली यानि वेसलीन लगा दें। इस बोतल में थोड़ी शक्कर , आटा या फल के छिलके जैसे केले , सेब या आम के छिलके के कुछ टुकड़े डाल कर इसे कॉकरोच आने वाली जगह पर रात भर के लिए रख दें। कॉकरोच खाने के लालच से आकर कन्टेनर में घुसेंगे लेकिन वापस निकल नहीं पाएंगे। इस तरह इन्हें पकड़ कर फेंक सकते हैं ।

तेज पत्ता

तेजपत्ता की तीखी खुशबू से कॉकरोच दूर भागते है। तेज पत्ता को पीस कर पाउडर बना लें। इसे कॉकरोच के छुपने की जगह बुरक दें। कॉकरोच बाहर निकल जायेंगे।

लाल मिर्च , लहसुन और प्याज का घोल

एक चम्मच लाल मिर्च का पाउडर , आधा चम्मच लहसुन का पेस्ट और एक प्याज का पेस्ट बनाकर एक लीटर पानी में घोलकर एक घंटे रखें। इसमें एक चम्मच लिक्विड साबुन घोल दें। इस मिश्रण को जहाँ लगाएंगे वहां कॉकरोच नहीं आयेंगे। इसकी गंध से वे भाग जायेंगे।

लिस्टरिन

यह गरारे करने के अलावा कॉकरोच को भगाने का काम भी बखूबी करता है। पानी और लिस्टेरिन बराबर मात्रा में लेकर मिला लें। इसमें दो बूँद बर्तन धोने का लिक्विड मिला दें। इसे कॉकरोच आने वाली जगह पर और ये दिखे तो उन पर स्प्रे कर छिड़क दें। ये भाग जायेंगे।

ककड़ी के छिलके

एक अल्युमिनियम का केन लें। इसमें ककड़ी के छिलके डालकर कॉकरोच आने वाली जगह रखें। ककड़ी का रस अल्युमिनियम के साथ मिल कर तेज गंध पैदा करता है जिसे कॉकरोच सहन नहीं कर पाते और भाग जाते है।

कॉकरोच दुबारा नहीं आये इसके उपाय

—  रसोई में कहीं भी छोटे छेद या दरार हो तो कॉकरोच इनमे छुप सकते है ,अतः इन्हें बंद कर दें। फर्नीचर में चेक कर लें वहां कोई छेद या दरार हो तो उसे भी मिटायें। सिंक के नीचे दरार होने की संभावना होती है वहां भी चेक कर लें। इसके अलावा दरवाजे  के आस पास कोई दरार हो तो ठीक करें।

—  घर को साफ रखें। रसोई में या खाना खाने की जगह पर खाना खुला हुआ ना रखें। ढक कर रखें।

—  खाना खाने के बाद बर्तन जितनी हो सके जल्दी साफ कर दें।

—  बचा खाना रसोई के कूड़ेदान की बजाय बाहर डस्टबिन में फेकें।

—  कुछ जमीन पर गिरा हो तो तुरंत साफ कर  दें।

—  कॉकरोच भगाने के उपाय करते समय ध्यान रखें यदि कॉकरोच मिटाने के लिए कीटनाशक का उपयोग कर रहे हों तो नाक को ढ़ककर रखें। ध्यान रहे यह साँस के साथ अंदर जाने पर फेफड़ों में परेशानी पैदा कर सकते है।

—  कॉकरोच को घर से हटाने के उपाय करते समय बच्चों और पालतू पशुओं का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्हें केमिकल से नुकसान हो सकता है।

—  रसोई और बाथरूम जहाँ तक संभव हो नमी से मुक्त रखने चाहिए। ताकि कॉकरोच को फैलने से रोका जा सके।

—  रसोई के प्लेटफॉर्म और फर्श की सफाई अच्छे से करनी चाहिए। हो सके तो पोंछे के पानी में  फिनाइल मिला दें ताकि कॉकरोच दूर रहे।

—  खाने की सभी चीजें टाइट ढ़क्कन लगा कर रखनी चाहिए।

—  बाथरूम और किचन की नाली पर छोटे छेद वाली जाली लगवानी चाहिए।

—  रात को खाना खाने के बाद झूठी प्लेट सुबह साफ करने के लिए ना रखें। हाथों हाथ कर लें।

—  कॉकरोच पानी के बिना सप्ताह भर से ज्यादा जीवित नहीं रह पाते। अतः पानी का कोई लीकेज हो तो तुरंत बंद कर दें।

—  नेफ्थालीन की गोलियां कैबिनेट्स में डाल कर रखें। कॉकरोच इनकी गंध के कारण दूर रहते है।

—  आपको लगे की कॉकरोच ख़त्म हो गए तो भी सावधान रहें और कभी भी ये दिखाई दें तो ऊपर बताये उपचार कर दें।

इन्हें भी जाने और लाभ उठायें :

नाली के पास छोटी भूरी मक्खी कैसे मिटायें 

कलफ कैसे लगाएं कपड़ों पर

चाय कितने प्रकार की

इमली फायदेमंद या नुकसानदेह

गर्भावस्था में क्या खाएँ क्या नहीं

उबासी कब खतरनाक

छींक रोकना कितना खतरनाक

पेट आमाशय कैसे काम करता है सरल भाषा में

शाकाहार मांसाहार के फायदे नुकसान

विटामिन डी के लिए कितनी धूप

कैल्शियम की कमी

फ्रिज की बदबू 

मिलावट की पहचान

देसी नाप तोल