बादाम का शरबत बनाने की विधि – Badam ka sharbat

1491

बादाम का शरबत badam ka sharbat  बहुत फायदेमंद होता है। बच्चो को वैसे ही या दूध में मिलाकर कर पिलाने से दिमाग की शक्ति व नेत्र ज्योति बढ़ती है। गर्मी में यह ठंडक देता है और सर्दी में गर्म दूध में मिलाकर पी सकते हैं।

घर पर बादाम का शरबत आसानी से बनाया जा सकता है। बादाम से बादाम वाला दूध व बादाम शेक आदि भी बनाये जा सकते हैं। बादाम बहुत लाभदायक होती है। बादाम के फायदे जानने के लिए यहाँ क्लिक करें

बादाम का शरबत

बादाम का शरबत बनाने की सामग्री – Badam sharbat samagri

बादाम                                   1  कप

चीनी                                    3  कप

पानी                                    डेढ़ कप (चाशनी के लिए )

इलायची                                10  नग

केवड़ा एसेंस                      10-12  बूँद

केसर                              1/2  चम्मच

दूध                                   2  चम्मच

साइट्रिक एसिड                       1 चुटकी

पोटेशियम मेटा बाई सल्फेट (kms)        1/4  चम्मच

बादाम का शरबत बनाने की विधि

Badam sharbat ki recipe

—  बादाम रात को पानी में भिगो दें और सुबह बादाम के छिलके निकाल दें।

—  बादाम का शर्बत बनाने के लिए बादाम मिल्क Badam Milk बनाये जिसका तरीका इस प्रकार है :- छिलका निकली हुई बादाम में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मिक्सी में बारीक़ पीस लें। बादाम पीसने में लगभग आधा कप पानी लग जायेगा।

—  इस बादाम पेस्ट में थोड़ा थोड़ा करके पानी डालें व मसलते हुए छाने। छानने के बाद जो बादाम का पेस्ट बच जाएगा उसे वापस मिक्सी में आधा कप पानी डालकर बारीक़ पीस लें।

—  वापस इस पीसे हुए पेस्ट में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर छान लें।

—  इस तरह छानने पर लगभग तीन कप बादाम का दूध (badam milk ) निकलेगा।

—  केसर को दो चम्मच पानी में भिगो दें।

—  इलायची को बारीक पीस लें। एक मलमल के कपड़े में बारीक पीसी हुयी इलायची डालकर पोटली बना लें।

—  एक बर्तन में तीन कप शक़्कर और डेढ़ कप पानी मिलाकर चाशनी बनाने की लिए गर्म करें।

—  जब शक़्कर घुल जाये तब इसमें दो चम्मच दूध डाल दें।

—  चाशनी के उबलने पर चीनी की गंदगी ऊपर तैरने लगती है इसे चम्मच की सहायता से निकालकर अलग कर दें।

— अब इसमें  साइट्रिक एसिड डालें व  एक तार की चाशनी बनने तक पकाए।

— इसमें बादाम मिल्क जो पहले से बनाया हैं वह डालें।

—  इलायची की पोटली भी इसमें डाल  दें।

—  अब इसमें भीगी हुई केसर पानी सहित डाल दें।

—  इसे वापस एक तार की चाशनी बनने तक पकाए इसमें लगभग दस मिनिट का समय लगेगा।

—  ठंडे होने पर इसमें से इलायची की पोटली बाहर निकाल ले और केवड़ा एसेंस डालकर मिला दें।

—  ठंडा होने पर इसे बोतल में भरकर फ्रिज में रखें।

—  बादाम का शरबत तैयार है। जब भी पीना , पिलाना चाहें इसमें से दो चम्मच लेकर एक गिलास पानी या दूध में मिलाकर पियें ।

—  बादाम शेक बनाने के लिए एक चम्मच यह शरबत , दो स्कूप वनीला आइस्क्रीम और एक कप दूध और थोड़ी बर्फ मिक्सर में डालकर घुमा ले। गिलास में डालकर सर्व करें।

बादाम का शरबत टिप्स – Badam sharbat tips

—  फ्रिज में रखने पर यह 20-25 दिन तक खराब नहीं होगा यदि आप ज्यादा दिन तक रखना चाहें तो आधा कटोरी शरबत में 1/4 चम्मच  KMS (पोटेशियम मेटा सल्फेट ) मिक्स करके सारे शर्बत में मिला लें। फिर बोतल में भर दें।

—  साइट्रिक एसिड डालने से शर्बत की बोतल में शक़्कर जमती नहीं हैं।

—  चाशनी एक तार बनने तक पकाने से शर्बत बिना प्रिजर्वेटिव के 20-25 दिन तक काम में लिया जा सकता हैं।ज्यादा दिन काम मे लेना हो तो प्रिजर्वेटिव डालें।

—  बादाम अच्छी क़्वालिटी वाली लेनी चाहिए।

—  इलायची छिलके हटाकर बारीक पीसनी चाहिए।

—  बादाम पीसने के लिए RO का  पानी उपयोग में लाए।

—  बादाम मिल्क बनाते समय बचे हुए बादाम पेस्ट को किसी भी सब्जी की ग्रेवी में डालकर काम में लिया जा सकता है।

—  आप चाहें तो बिना केवड़ा एसेंस के भी बना सकते हैं।

इन्हे भी जानें और लाभ उठायें :

बेल का शेक , शरबत और जूस / ऑरेंज बार / ठंडाई / संतरे का स्क्वैश / टमाटर की सॉस  / बादाम पिस्ते वाला /टोमेटो प्यूरी / आंवला केंडी / चाट मसाला चटपटा / नींबू की चटनी